BREAKING

महापौर मीनल चौबे ने ट्रेड फेयर का किया आगाज, कहा- महिलाओं को प्रोत्साहित करने की सार्थक पहल।

Share:

जैन ट्रेड फेयरः स्वाभिमान से स्वालंबन की ओर का हुआ भव्य शुभारंभ - भगवान महावीर जन्मकल्याण महोत्सव 2624

रायपुर - दादाबाड़ी में समर्पण सखी महिला मंडल की ओर से चार दिवसीय जैन ट्रेड फेयर स्वाभिमान से स्वालंबन की ओर का 1 से 4 अप्रैल तक आयोजन किया जा रहा है। ट्रेड फेयर का शुभारंभ मंगलवार को महापौर मीनल चौबे ने फीटा काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान महावीर जन्मकल्याण समिति के सभी सदस्यों को धन्यवाद देती हूं जो उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित करने ट्रेड फेयर का आयोजन किया है। महिलाओं को प्रोत्साहन देना महापौर के रूप में मेरा भी कर्तव्य है और मैं महापौर बनने से पहले भी दादाबाड़ी आ चुकी हूं और यह सौभाग्य की बात है कि महापौर बनने के बाद दादाबाड़ी के पवित्र प्रांगण में मुझे आप लोगों ने आमंत्रित किया। महापौर के रूप में मैंने अपनी प्राथमिकता में महिलाओं को रखा है। आज जैन समाज का मैं हार्दिक आभारी हूं कि उन्होंने महिलाओं को एक मंच दिया जिससे वह एक उद्यमी के रूप में अपने आप को प्रशिक्षित कर सके। उद्घाटन समारोह में महावीर जन्म कल्याणक समिति के अध्यक्ष महावीर कोचर, महासचिव सिद्धार्थ डागा, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र डागा, विशेष सलाहकार महेंद्र कोचर और विजय चोपड़ा उपस्थित रहे। साथ ही समर्पण-सखी महिला मंडल की ओर से मंजू टाटिया, प्रियंका लुंकड़, डॉ. प्रणिता सेठिया, सरिता लुंकड़ एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। 

भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष महावीर कोचर, महासचिव सिद्धार्थ डागा और कोषाध्यक्ष वीरेंद्र डागा ने बताया कि जैन ट्रेड फेयर में महिला लघु व कुटीर उद्यमियों के आर्थिक सक्षमीकरण का प्रकल्प एवं देशभर की जैन महिला उद्योगों के लघु एवं कुटीर उद्योगों के उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय होगा। फेयर का आयोजन दादाबाड़ी में सुबह 10 से रात 9 बजे तक किया जा रहा है। 

जैन ट्रेड फेयर के शुभारंभ के अवसर पर दोपहर 3 बजे जिनाज्ञा ग्रुप की ओर से किसमें कितना है दम का आयोजन किया गया है। ग्रुप की नीतू सराफ ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत तीन-तीन महिलाओं का पांच ग्रुप बनाया गया था, जिन्हें भगवान महावीर स्वामी के जीवन पर आधारित प्रश्नों का जवाब मंच पर रखे वस्तुओं को उठाकर देना था। यह स्पर्धा पांच चरणों में हुई। 

इसी क्रम में 2 अप्रैल को शाम 6 बजे स्वर्णिम वटवृक्ष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है जिसमें समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाएगा। वहीं, 3 अप्रैल को दोपहर 3 बजे द ग्रैंड तंबोला का आयोजन किया जा रहा है। ट्रेड फेयर के अंतिम दिन 4 अप्रैल को दोपहर 3 बजे वीर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। जैन ट्रेड फेयर की प्रभारी संस्था समर्पण-सखी महिला मंडल है।

चार दिवसीय निशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर शुरू


महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के दौरान कई सामाजिक पहल किए गए, जिनमें मुख्य रूप से चार दिवसीय निशुल्क फिजियोथैरेपी शिविर का आयोजन डॉक्टर दीपक जैन के मार्गदर्शन में निशुल्क जांच और परामर्श 1 से 4 अप्रैल को सुबह 11 बजे से रात 8 तक किया जा रहा है। शिविर में कमर दर्द, गर्दन दर्द, घुटनों का दर्द, स्लिप डिस्क दर्द, सायटिका, कन्धों का दर्द, मांसपेषियों का दर्द, कोनी का दर्द, ऐडी का दर्द, घुटने बदलने के बाद का दर्द,पोलियो मैलाइटिस, अर्थराइटिस, चेहरे का लकवा, लकवे का इलाज, फेक्चर एवं ऑपरेशन के बाद जोड़ों का जाम होना, प्रगनेन्सी संबंधित दर्द, यूरिन लिकेज की समस्या, हिस्टेरेक्टॉगी, ANC/PNC की जांच और परामर्श की जा रही हैं।

श्रीनगर से निकली प्रभात फेरी में बच्चों ने दिया भगवान महावीर स्वामी का संदेश

रायपुर। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर सोमवार को सुबह 6.30 बजे श्रीनगर में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। भगवान महावीर स्वामी का संदेश लेकर बच्चे उनके जीवन पर आधारित विभिन्न वेशभूषा धारण किया। प्रभात फेरी श्री महेश भवन के पास श्री नगर रोड से शुरू होकर श्री लक्ष्मी सांई भवन झंडा चौक के पास से होते हुए शिवानंद नगर श्रीनगर में समाप्त हुई। 

11 लोगों ने किया रक्तदान

भगवान महावीर स्वामी जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर श्री लक्ष्मी साईं भवन श्रीनगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 11 लोगों ने ब्लड डोनेशन किया। समिति के अध्यक्ष महावीर कोचर, महासचिव सिद्धार्थ डागा एवं कोषाध्यक्ष वीरेंद्र डागा ने बताया कि 15 दिवसीय रक्तदान शिविर में इकट्ठा होने वाले ब्लड यूनिट को ब्लड बैंक, समाजसेवकों और एनजीओ के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। 

आज के कार्यक्रम (2 अप्रैल, बुधवार)


आयोजन - फल एवं कपड़े वितरण 

स्थल - कोढ़ी खाना, पंडरी

समय - सुबह 11 बजे

आयोजक - भारतीय जैन संघटना, गुढ़ियारी शाखा


आयोजन - महावीर की प्रसादी

स्थल - संजीवन हॉस्पिटल 

समय - दोपहर 12.15 बजे 

आयोजक - आदिश्वर महिला मंडल

Share:

Popular News