सम्मेदशिखर को पवित्र जैनतीर्थ स्थल घोषित करे केन्द्र सरकार - जैन संवेदना ट्रस्ट
रायपुर - सम्मेदशिखर से मोक्ष प्राप्त करने वाले श्री पार्श्वनाथ जी की विशेष आराधना दिवस पूनम को देशभर के लगभग 127 शहरों में स्थित तीर्थों, जिनालयों, धर्मस्थलों व जैन भाई बहनों ने घर-घर में महामंत्र नवकार का सवा करोड़ जाप किया। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि उव्वसग्गहरं पार्श्वतीर्थ, बकेला पार्श्वतीर्थ, कैवल्यधाम तीर्थ, भद्रावती तीर्थ सहित अनेक जिनालयों, धर्म स्थलों व घर घर में भाई बहनों ने उत्साहपूर्वक नवकार जाप कर सम्मेदशिखर की अक्षुण पवित्रता की प्रार्थना की। रायपुर में जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर, श्री विमल नाथ जैन मंदिर, श्री कुंथुनाथ जैन मंदिर, दिगम्बर जैन मंदिर, स्थानक भवन, श्री विमल महिला मण्डल, खरतरगच्छ महिला परिषद, सखी महिला मण्डल सहित अनेक लोगों ने सम्मेदशिखर की पवित्रता के लिए नवकार जाप किया।
छत्तीसगढ़ में कुम्हारी, चरौदा, भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, अभनपुर, नयापारा राजिम, धमतरी, केशकाल, कोंडागांव, जगदलपुर, गीदम, भानुप्रतापपुर, जैपुर, मलकानगिरी, कोटपाड़, कुसमी, मुंगेली, पंडरिया, कवर्धा, बालोद, डोंडीलोहारा, दल्लीराजहरा, अहिवारा, बेमेतरा, कोरबा, भाटापारा, रायगढ़, अम्बिकापुर, कुनकुरी, अर्जुन्दा, खैरागढ़ सहित छत्तीसगढ़ के अनेक छोटे बड़े शहरों में सम्मेदशिखर हेतु महामंत्र नवकार जाप किया गया।
इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, तामिलनाडु, कर्नाटक, पूर्वोत्तर राज्यों, दिल्ली आदि राज्यों के अनेक स्थानों से नवकार जाप की जानकारी प्राप्त हुई है। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि जैनधर्म का शास्वत मंत्र नवकार में असीम शक्ति विद्यमान है, इसके जाप मात्र से सभी संकट दूर हो जाते हैं। सवा करोड़ नवकार जाप सम्मेदशिखर, पालितना, गिरनारजी व विश्व के लिये कल्याणकारी सिद्ध होगा। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि सम्मेदशिखर के लिए केन्द्र सरकार का निर्णय पर्याप्त नही है, जैन समाज की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से अपेक्षा है, कि सम्मेदशिखर को पूर्णतया जैनधार्मिक पवित्रस्थल का दर्जा दिया जाना चाहिए।