पंडरिया - प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं पंडरिया जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्री अर्जुन तिवारी पंडरिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिये आज सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष से मिलकर दावा ठोकेंगे। श्री तिवारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वे अपरान्ह दो बजे पंडरिया स्थित रेस्ट हाउस मे कांग्रेसजनों से भेंट मुलाक़ात करने के पश्चात 3 बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पंडरिया के कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष नवीन जायसवाल के समक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्धारित प्रपत्र के अनुसार चुनाव लड़ने आवेदन करेंगे। इसके पश्चात श्री तिवारी कुंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उत्तरा दिवाकर से सौजन्य भेंट करने उनके गांव जायेंगे। ज्ञात हो की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा की उपस्थिति मे लिये गये निर्णय के अनुसार विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी दावेदारों को अपना आवेदन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मे ही जमा करना होगा।